
मानसून अब लेट हो गया है और इसकी रफ्तार बेहद सुस्त है. मानसून अब भी कर्नाटक-कोंकण में ही फंसा हुआ है. मानसून की सुस्ती की वजह से देशभर के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पर रही है. इसका असर सबसे अधिक बिहार में देखा जा रहा है. जहां लू की वजह से अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली है. बिहार में लू से हो रही मौत के मद्देनजर आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य के कई हिस्सों में हवाई सर्वेक्षण करेंगे. आपदा प्रबंधन विभाग के नियंत्रण कक्ष से बुधवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश में लू लगने से अब तक 90 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें से औरंगाबाद जिले में 41, गया में 35 और नवादा में 14 लोगों की मौत हुई है.
