
दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके के संजय झील पार्क के पास सुबह दो मरी हुई गायें मिलीं, जिसके बाद इलाके में तनाव व्याप्त है. स्थानीय लोग गायों के शव देखकर गुस्से में आ गए. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में भारी मात्रा में फोर्स की तैनाती की गई है. इस मामले पर डीसीपी ईस्ट का कहना है कि पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. मामले की जांच की जा रही है.

पुलिस को स्थानीय लोगों से करीब सुबह 6 बजे सूचना मिली कि इस इलाके में दो गायें मृत पड़ी हैं. संजय झील के आसपास का इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है. साल 2014 में त्रिलोकपुरी इलाके में सांप्रदायिक दंगे भड़के थे.
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘किसी भी तरह के तनाव पर नियंत्रण के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है. स्थानीय पुलिस प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी अंगेस्ट एनिमल्स की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है.’