विवाहिता ने रुकवाई पति की दूसरी शादी, पुलिस के सामने होता रहा हंगामा

पति द्वारा दूसरी शादी करने की भनक विवाहिता समेत परिजनों को लगी तो वे मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ। पति के परिवारवालों ने विवाहिता के परिजनों के साथ गाली-गलौज कर हाथापाई शुरु कर दी। यह तमाशा पुलिस के सामने हुआ तो वह हरकत में आई। दूल्हे को पकड़कर कोतवाली ले गई। फिलहाल, दस दिन शादी टाल दी गई है। इस पर पुलिस ने दूल्हे को छोड़ दिया है।

 

 

उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी रमेश राठौर की शादी 12 वर्ष पूर्व किच्छा निवासी युवती के साथ हुई थी, जिससे दो बच्चे भी हैं। किसी बात को लेकर दोनों में अनबन चली आ रही थी, जिसके चलते दो वर्ष से विवाहिता अपने मायके में रहकर बच्चों का पालन पोषण कर रही थी। कुछ माह पूर्व रमेश राठौर के परिजनों ने मुहल्ला निवासी युवती से शादी तय कर दी। सोमवार को रमेश के परिजन बारात लेकर नगर में आए थे कि दूसरी शादी करने की भनक विवाहिता समेत परिजनों को लग गई। 

संभ्रांत लोगों ने दस दिन रोक दी है शादी

आननफानन में वे मौके पर पहुंच गए। इसके बाद शादी का माहौल हंगामे में बदल गया। विवाहिता के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। एसआई गुरुपाल सिंह पुलिस बल के साथ मुहल्ले में पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दूल्हे पक्ष के लोगों ने विवाहिता व परिजनों से गाली-गलौज कर मारपीट चालू कर दी। मसले को बिगड़ता देख हरकत में आई पुलिस दूल्हे को पकड़ कोतवाली ले आई। यहां दूल्हे पक्ष के लोगों ने एकपक्षीय कोर्ट का तलाकनामा दिखाया। विवाहिता के परिजन नहीं माने, जिस पर दस दिन के लिए शादी रोक दी गई है। मामला चर्चा का विषय बना है। कोतवाल रवींद्र कुमार ने बताया कि विवाहिता ने पति द्वारा दूसरी शादी करने की सूचना दी थी। संभ्रांत लोगों ने दस दिन तक शादी न करने का समझौता कराया।