यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का कांग्रेस पर हमला, कहा फेल हो चुके हैं राहुल गांधी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मंडावली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरफ फेल हो चुकी है। राहुल गांधी की आलोचना करते हुए योगी ने कहा कि शहजादा के फेल होने के बाद शहजादी को लाया गया है।

 

 

प्रियंका गांधी वाड्रा की निंदा करते हुए योगी ने कहा कि वह अमेठी में मासूम बच्चों को वह गालियां सिखा रही हैं। वह इटली जाएं और वहां के बच्चों को गाली सिखाएं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जाति, धर्म देखे बिना विकास किया। इसलिए वोट भी देश इन सब से ऊपर उठकर विकास के लिए देगा। योगी ने दिल्ली के लोगों से देश के विकास के लिए वोट देने की अपील की।

केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ करते हुए योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाकर अभी हाल में ही अजहर मसूद को ग्लोबल आतंकी घोषित करवाया। उन्होंने कहा कि मसूद का भी वही हाल होगा जो ओसामा का हुआ था। रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले हर शहर में बम धमाके होते थे लेकिन पिछले 5 साल में आपने सुना कहीं देश के किसी शहर में धमाके हुए हैं ? ये मोदी की नीति है। मोदी ने देश को सुरक्षित किया।

दिल्ली के सीएम केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की केंद्रीय राजधानी है और यहां का विकास केंद्र के साथ मिलकर करना होता है लेकिन दिल्ली की सरकार को दिल्ली के विकास से कोई मतलब ही नहीं है। योगी ने कहा कि आश्चर्य होता है कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री विकास के लिए बने हैं या धरना प्रदर्शन के लिए।