
हम में से बहुत से लोग होंगे जिन्हें ऊंचाई से, पानी से, अंधेरे से या फिर एेसी ही दूसरी चीजों से डर लगता होगा। बहुत से सेलिब्रेटीज एेसे हैं जिनके दिल में भी कुछ चीजों को लेकर काफी डर रहता है। बाॅलीवुड अदाकारा हुमा कुरैशी भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

ऊंचाई लगता है डर:
अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने अपने भीतर के डर का खुलासा करते हुए बताया कि उन्हें ऊंचाई से डर लगता है, हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें योग चक्र से अपने इस डर पर काबू पाने में मदद मिली है। हुमा ने हाल ही में योग चक्र का अभ्यास शुरू किया है।
हुमा ने इस बारे में विस्तार से बताते हुए कहा, ‘मैंने लोगों को यह (योग चक्र) करते देखा। यह आकर्षक था। मुझे ऊंचाई से थोड़ा डर लगता है, आपको इससे छुटकारा पाने के लिए कुछ करना चाहिए, इसलिए मैंने हाल ही में यह शुरू किया। यह मजेदार है।’
असल जिंदगी से जुड़े होते किरदार:
सिनेमा में महिलाओं की पेश की जा रही छवि को लेकर हुमा कहती हैं, ‘फिल्म या तो परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित करती है या समाज को प्रतिबिंबित करती है, जो किरदार हम फिल्मों में देखते हैं, वो असल जिंदगी से होते हैं और इसलिए हम इससे जुड़ते भी हैं। इसलिए मुझे लगता है कि हर फिल्म उद्योग अपने-अपने समाज को प्रतिबिंबित करता है।’