VIDEO: क्रुणाल पांड्या के शानदार कैच ने जीता सबका दिल, मिला यह अवार्ड

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई और मुंबई की बीच हुआ मैच भले आखिरी तक एक तरफा हो गया हो, लेकिन इस मैच के दौरान कई रोमांचक लम्हे भी आए. इन्हीं में से एक मुंबई की क्रुणाल पांड्या का वह शानदार कैच रहा जो उन्होंने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर लिया. मैच के अतिम क्षणों में लिए गए इस  कैच ने सबका दिल जीत लिया और इसने परफेक्ट कैच ऑफ द मैच का अवार्ड भी जीत लिया.

मुंबई की गेंदबाजी रहा बड़ा आकर्षण
इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रोहित शर्मा, इवान लुइस और हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी के अलावा मुंबई की गेंदबाजी ही रही जिसके आगे चेन्नई के सभी धुरंधर फेल होते गए. रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 48 गेंदों पर 67 रनों की पारी खेल कर सीजन में अपनी पहली हाफ सेंचुरी लगाई. उनके अलावा इवान लुइस ने 32 रन और हार्दिक पांड्या ने 23 रनों की तेज पारीयां खेली जिससे टीम 155 रन के सम्मानजनक स्कोर पर पहुंच सकी. 

विकेट गंवाती रही चेन्नई
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम शुरू से ही विकेट गंवाती रही. उसके केवल तीन ही बल्लेबाज दहाई के आंकड़़े को छू सके. 17वें ओवर में जब टीम का स्कोर 100 के पार हुआ ही था, तब जसप्रीत बुमराह ने एक तेज बाउंसर फेंकी जिसपर दीपक चाहर ने एक बड़ा शॉट लगाया. गेंद ऊंची उठ कर डीप मिड विकेट बाउंड्री की ओर गई, लेकिन ज्यादा दूर नहीं गई. यहां पर क्रुणाल पांड्या तेजी से आगे दौड़ते हुए आए और डाइव लगा कर शानदार कैच पकड़ लिया. 

बन गया परफेक्ट कैच

क्रुणाल के इस कैच को सबने पसंद किया और इसे मैच के बाद परफेक्ट कैच ऑफ द मैच का खिताब मिला. दीपक चाहर का यह विकेट टीम का विकेट था. इसके बाद हरभजन सिंह और मिचेल सैटनर भी एक ओवर से ज्यादा नहीं टिक सके और पूरी टीम 109 रन के स्कोर पर सिमट गई. मुंबई के लिए लसिथ मलिंगा ने चार, जसप्रीत बुमराह और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट लिए.