
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अर्जुन अवॉर्ड के लिए मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और पूनम यादव के नाम की सिफारिश की है. सर्वोच्च न्यायालय द्वारा चुनी गई प्रशासकों की समिति (सीओए) ने दिल्ली में महाप्रबंधक (क्रिकेट परिचालन) सबा करीम के साथ बैठक की. करीम ने सीओए को इन खिलाड़ियों के नाम सुझाए.
25 साल के बुमराह भारतीय टीम का सबसे अहम हिस्सा हैं और आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 में टीम की गेंदबाजी की भी अगुवाई करेंगे. शमी भी विश्व कप के लिए चुनी गई टीम का हिस्सा हैं.
ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी आगामी टूर्नामेंट में खेलेंगे. जडेजा ने अपनी फिरकी के सहारे 41 टेस्ट में 192 विकेट निकाले हैं. 151 वनडे इंडरनेशल में 174 विकेट उनके नाम हैं, जबकि टी-20 इंटरनेशनल में 40 मैचों में उन्होंने 31 विकेट हासिल किए हैं.
महिला टीम की पूनम यादव ने भी दमदार प्रदर्शन किया है. वह इंग्लैंड में हुए पिछले विश्व कप में भी टीम का अहम हिस्सा थीं. 27 साल की लेग स्पिनर पूनम ने 41 महिला वनडे इंटरनेशनल में 63 और 54 टी-20 इंटरनेशनल में 74 विकेट निकाले हैं.