लोकसभा चुनाव 2019: भिवंडी सीट पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच है मु‍काबला

लोकसभा चुनाव 2019 (lok sabha elections 2019) के चौथे चरण के चुनाव के तहत महाराष्‍ट्र की 17 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होना है. यहां की भिवंडी लोकसभा सीट पर भी चौथे चरण में मतदान होना है. भिवंडी सीट 2008 के परिसीमन के पहले डहाणू लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा थी. डहाणू से अलग होने के बाद भिवंडी में बीजेपी के दबदबे वाले तीन विधानसभा क्षेत्र शामिल हुए. 2014 में यहां से बीजेपी के कपिल पाटिल ने चुनाव जीता. बीजेपी ने इस बार भी पाटिल पर दांव लगाया है. कांग्रेस ने इस सीट पर सुरेश तवारे को मैदान में उतारा है.

6 विधानसभा सीटें है इस क्षेत्र में

महाराष्‍ट्र के भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत 6 विधानसभा सीटें आती हैं. इनमें भिवंडी रूरल, शाहपुर, भिवंडी वेस्‍ट, भिवंडी ईस्‍ट, कल्‍याण वेस्‍ट और मुर्बाद सीटें शामिल हैं. इनमें से भिवंडी वेस्‍ट, कल्‍याण वेस्‍ट और मुर्बाद सीट पर बीजेपी का कब्‍जा है. भिवंडी ईस्‍ट और भिवंडी रूरल पर शिवसेना का कब्‍जा है. शाहपुर सीट एनसीपी के खाते में है.

ये है चुनावी इतिहास 

1999 में बीजेपी के चिंतामन वनगा ने डहाणू लोकसभा सीट पर कांग्रेस केडीएम शिंगडा को शिकस्‍त दी. बीजेपी का दबदबा इसके बाद से डहाणू सीट पर कायम हो गया. परिसीमन के बाद जिन इलाकों में बीजेपी का दबदबा था उनमें से तीन विधानसभा सीट जवाहर, डहाणू और इगतपुरी भिवंडी लोकसभा से हट गईं. इसका प्रभाव भिवंडी में 2009 के लोकसभा चुनाव में भी दिखाई दिया. यहां बीजेपी की हार हुई. कांग्रेस के सुरेश तावरे जीते. बीजेपी के जगन्नाथ पाटिल को हार का सामना करना पड़ा था.