लोकसभा चुनाव 2019 : पूर्वांचल के सियासी समर में जांच के दौरान कई नामांकन खारिज कर दिए…

पूर्वांचल में लोकसभा चुनाव की प्रशासनिक तैयारियों के बीच बुधवार से नामांकन पत्रों की जांच शुरु हो गई। जांच के दौरान कई नामांकन त्रुटिपूर्ण होने से खारिज कर दिए गए। हालांकि अंतिम चरण के लिए पूर्वांचल में कई प्रत्‍याशी नामांकन अभी दाखिल कर रहे हैं। सोनभद्र में अंतिम चरण में होने वाले मतदान के लिए 22 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में तीसरे दिन बुधवार को जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष से तीन निर्दलियों ने पर्चा लिया। वहीं कोई नामांकन नहीं हुआ। पर्चा लेने वालों में राजकुमार, नागेंद्र प्रसाद व मुन्ना लाल शामिल हैं। राबर्ट्सगंज सीट के लिए अब तक एक मात्र नामांकन हुआ है जबकि पर्चा कुल 21 लोगों ने लिया है। भदोहीमें बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई, इसमें 19 नामांकन पत्र खारि‍ज कर द‍िए गए। खारि‍ज हुए नामांकन पत्र निर्दल प्रत्‍याश‍ियों के हैं। अब भदोही लोकसभा के चुनावी मैदान में केवल 13 प्रत्‍याशी ही रह गए हैं।किसी में जरुरी दस्‍तावेज की कमी थी तो कई निर्वाचन आयोग के मानक को पूरा नहीं कर सके।

लोकसभा बलियाऔर सलेमपुर संसदीय क्षेत्र से नामांकन का सिलसिला जारी है। बुधवार को तीसरे दिन लोक सभा बलिया में एक नामांकन हुआ, जबकि सलेमपुर में एक भी नामांकन दाखिल नहीं हो सका। बलिया में निर्दल प्रत्याशी ओम प्रकाश पांडेय ने अपना नामांकन पत्र सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अश्विनी कुमार श्रीवास्तव को सौंपा। अभी तक किसी भी प्रमुख दल के उम्मीदवार ने अपना नामांकन नहीं किया है। बलिया संसदीय क्षेत्र के लिए 9 नामांकन पत्र खरीदे गए, जबकि सलेमपुर संसदीय क्षेत्र के लिए चार नामांकन उम्मीदवार या उनके सहयोगी लेकर गए। लोकसभा क्षेत्र बलिया के लिए अखंड समाज पार्टी, जनता राज पार्टी, भारतीय रिपब्लिकन पक्ष, नैतिक पार्टी, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन मुक्ति पार्टी व एक निर्दल उम्मीदवार के लिए पर्चा खरीदा गया। इसी प्रकार लोकसभा क्षेत्र सलीमपुर के लिए दो निर्दल उम्मीदवारों के साथ जनता क्रांति पार्टी व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के लिए नामांकन पत्र ले जाया गया। कुल मिलाकर लोकसभा क्षेत्र बलिया में 26 नामांकन पत्र तथा सलेमपुर के लिए 15 नामांकन पत्र बिक चुके हैं।