रोहित शेखर तिवारी की रहस्यमय मौत के बाद मां उज्जवला तिवारी ने आज कहा कि शादी के पहले दिन से ही रोहित और उसकी पत्नी के बीच तनाव था। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। फिलहाल दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच रोहित शेखर तिवारी की पत्नी से पूछताछ कर रही है।जानकारी के मुताबिक, रोहित शेखर तिवारी की रहस्यमय मौत के तीन दिनों बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि रोहित की मौत अप्राकृतिक थी।

पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा कि रोहित शेखर तिवारी (40) की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि यह अप्राकृतिक मौत गला घोटे जाने की वजह से हुई है। इसमें अन्य विरोधाभास भी पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब इस मामले को आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है।
रोहित शेखर तिवारी ने यूपी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के खिलाफ पितृत्व अधिकार का मुकदमा जीता था। उन्हें बुधवार को मैक्स अस्पताल में ले जाए जाने के बाद मृत घोषित कर दिया गया था। उनकी मां उज्जवला तिवारी उन्हें एक एंबुलेंस में लेकर वहां पहुंची थीं।
शुक्रवार को फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटना के संबंध में सीसीटीवी के फुटेज खंगालने सहित सबूत जुटाने के लिए डिफेंस कॉलोनी स्थित रोहित शेखर के आवास का दौरा किया था। क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का एक मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने कहा कि उनकी मां, भाई, पत्नी और चार नौकरों से पूछताछ की जा रही है।