लोक सभा चुनाव 2019:सपा प्रत्‍याशी पूनम ने क‍िया नामांकन, रोड शो में शत्रुघ्‍न और ड‍िंंपल भी साथ

खनऊ संसदीय सीट से सपा-बसपा गठबंधन की सपा उम्मीदवार पूनम सिन्हा ने गुरुवार को अपना नामांकन किया। इस दौरान उनके साथ पति एवं पटना साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा भी उनके साथ थे। पूनम सिन्हा एक दिन पहले ही समाजवादी पार्टी में शाम‍िल हुई हैं। पूनम पहले रोड शो करके पर्चा भरने वाली थीं, फिर कार्यक्रम में बदलाव के चलते साधारण तरीके से नामांकन दर्ज किया। पूनम अपने बेटे के साथ पर्चा दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंची थीं।

गौरतलब है क‍ि पूनम सिन्हा कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी हैं। वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। पूनम सिन्हा का मुकाबला गृहमंत्री राजनाथ सिंह से हैं, जो लगातार दूसरी बार लखनऊ से चुनाव लड़ रहे हैं। लखनऊ में छह मई को मतदान होना है और आज नामांकन की अंतिम तिथि है। उन्होंने सुबह ही अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ सपा के अभिषेक मिश्रा, रविदास मल्होत्रा आदि नेता मौजूद थे।नामांकन दाखिल करने के बाद पूनम सिन्हा ने रोडशो किया। इस दौरान उनके साथ डिंपल यादव समेत पार्टी के अन्य नेता भी थे।

राजनाथ सिंह के खिलाफ सपा ने कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा और कांग्रेस ने आचार्य प्रमोद कृष्णम को उतारकर लखनऊ की राजनीतिक लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। लखनऊ लोकसभा सीट पर लंबे समय से बीजेपी का  कब्जा है। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भी राजनीतिक कर्मभूमि रही है।

मौजूदा दौर में अटल की सियासी विरासत संभाल रहे बीजेपी के दिग्गज नेता और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह एक बार फिर लखनऊ के सियासी रणभूमि में उतरे हैं। लखनऊ लोकसभा सीट बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यहां पर 1991 से लगातार बीजेपी का कब्जा है।सपा और बसपा इस सीट पर आज तक अपना खाता भी नहीं खोल सकी हैं।

नफरत फैलाने वालों को अब खामोश हो जाना चाहिए
पत्नी और सपा उम्मीदवार पूनम सिन्हा के नामांकन में शामिल सिने अभिनेता पटना साहिब से कांग्रेसी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह परिवार के नाते इस जुलूस में शामिल हुए हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उसे खामोश हो जाना चाहिए। कहा, उन लोगों खामोश हो जाना चाहिए जो देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। रोड शो में शामिल युवाओं के हुजूम को देखते हुए कहा कि इतना शानदार जूलूस उन्‍होंने कभी नहीं देखा। शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने इसका श्रेय सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती का ही असर है।