
भाजपा ने मंगलवार को 52 संसदीय क्षेत्रों में विजय संकल्प सभाओं में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। खासतौर से कांग्रेस और सपा-बसपा को निशाने पर लेते हुए उनकी सरकारों में उत्तर प्रदेश की बदहाली पर फोकस किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुरादाबाद में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की गरीबी हटाने की घोषणा पर सवाल उठाए। रैली में लोगों से पूछा कि 55 साल तक एक ही परिवार का शासन रहा। जवाहर लाल नेहरू कहते थे देश में गरीबी हटाएंगे, हटी क्या? बाद में इंदिरा आईं। गरीबी हटाओ का नारा दिया, हटी क्या? राजीव आए गरीबी हटी क्या? अब राहुल बाबा आए हैं। कहते हैं गरीबी हटा सकते हैं।
शाह ने कहा कि गरीबी इन्होंने देखी ही नहीं है। देश से सिर्फ नरेंद्र मोदी ही गरीबी हटा सकते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर और वाराणसी में आक्रामक रहे तो केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्रियों तथा संगठन के पदाधिकारियों ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया। शाह और योगी के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व दिनेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में मंत्रियों और नेताओं ने जगह-जगह रैलियों को संबोधित किया।
अमित शाह ने सर्जीकल स्ट्राइक को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। कहा कि हमने जो किया सब भूल जाइये लेकिन देश को याद रखिये। देश सुरक्षित रहना चाहिए। देश को सुरक्षित सिर्फ नरेंद्र मोदी ही रख सकते हैं। यूपीए की सरकार में पाकिस्तान के भेजे हुए आतंकवादी हमारे जवान के सिर काट ले जाते थे लेकिन तब कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के कान पर जू तक नहीं रेंगती थी। अब देश में मौनी बाबा मनमोहन सिंह की सरकार नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सक्षम सरकार है, जो देश के सम्मान की हिफाजत करना जानती है।
उरी हमले के बाद हमने 15 दिन के अंदर पाकिस्तान में बैठे आतंक के आकाओं को मुंहतोड़ जवाब दे दिया। इस पर राहुल कहते हैं कि हम जवानों के खून की दलाली करते हैं। ‘अरे शर्म करो राहुल बाबा तुम्हें जवानों की शहादत का मोल नहीं पता। जनता आपको माफ नहीं करेगी।’ कहा कि दुनिया में पहले अमेरिका और इजराइल का नाम था, जो जवानों की शहादत का बदला लेते हैं। अब मोदी जी ने उस सूची में भारत का नाम भी जोड़ दिया है।
शाह ने कहा कि एयर स्ट्राइक से राहुल, बुआ-भतीजे भी सदमे में हैं। उन्हें ऐसा सदमा लगा है जैसे उनका कोई चचेरा भैया मर गया हो। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 30 साल तक आप उनको बिरयानी खिलाते रहे। अब वह समय समाप्त हो गया है। शाह ने कहा कि गठबंधन की सरकार आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब नहीं दे सकती। कश्मीर के अंदर पहली बार मोदी जी ने सबक सिखाया।
कश्मीर व आतंकवाद पर कांग्रेस अपनी मंशा स्पष्ट करे : योगी
गोरखपुर और वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस में सम्मान देने का संस्कार नहीं रहा है। उनके लिए खानदान से बड़ा कोई नहीं रहा। तभी तो स्व. लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा को अपने गले का माला पहना दी। चुनाव आते ही उन्हें मंदिर नजर आने लगता है। चुनाव खत्म होते ही उनके लिए मंदिर सांप्रदायिक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कश्मीर व आतंकवाद को लेकर अपनी मंशा स्पष्ट करनी चाहिए।
कांग्रेस पार्टी ने हर साल 72000 रुपये देने की घोषणा की है, इससे बड़ा छलावा कुछ नहीं हो सकता। 48 साल पहले गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था। गरीबी तो नहीं हटी, भुखमरी व अराजकता बढ़ गई। योगी बोले ‘राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि सुपर पीएम के रूप में आपकी मां काम करती थीं, आप खुद पीएम की तरह काम करते थे तो वर्ष 2004 से 2014 तक क्यों नहीं ऐसा काम किया जिससे गरीबों का भला हो।’ राम मंदिर की राह में यह ‘महा मिलावट’ यानी कांग्रेस, सपा और बसपा का बेमेल गठबंधन सबसे बड़ी बाधा है। योगी ने उत्तर प्रदेश में 74 पार एक बार फिर मोदी सरकार और मोदी है तो मुमकिन है, का नारा बुलंद किया।
तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले घूम रहे मंदिर-मंदिर : सिद्धार्थनाथ
कासगंज में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ ङ्क्षसह ने कहा कि विपक्षियों के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्र्रेस का बिना नाम लिए कहा कि तुष्टिकरण की सियासत वाले मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं। रामसेतु का अस्तित्व नकारने वाले अयोध्या जा रहे हैं। यही परिवर्तन है।
देश में मोदी की लहर : महेंद्र नाथ पांडेय
चंदौली में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि देश में मोदी की लहर चल रही है। अमित शाह का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। प्रदेश की सभी 80 लोक सभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। बोले मायावती और अखिलेश की सीधे चुनाव लडऩे की हिम्मत खत्म हो गई है। बसपा ने अपने हिस्से की सभी 38 सीटें करोड़ों रुपये में बेंच दीं हैं।
दुकानदार से स्मृति बोलीं, पकौड़े अच्छे बनाते हो अमेठी में दुकान खोल लो
भदोही में सभा को संबोधित करने के बाद वापस लौटते समय वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट गेट से सटे पटेल चाय पकौड़े की दुकान पर ब्रेड पकौड़ा खाया और चाय पी। इस दौरान चाय और पकौड़े की तारिफ करते हुए स्मृति ने दुकानदार से कहा की चाय और पकौड़ा काफी अच्छा बनाते हो चलो अमेठी में दुकान खोल लो। जिसपर दुकानदार ने कहा कि इसे बनाना गुजरात से सीखकर आया हूं और बनारस में बेच रहा हूं, यही बहुत है। जिससे वहां मौजूद लोग ठहाके लगाकर हंसने लगे। उसके बाद चाय और पकौड़े का पैसा दुकानदार को देकर वह विमान से दिल्ली प्रस्थान कर गईं।