
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने Lok Sabha Election 2019 के तहत उत्तर प्रदेश की कमान अब अपने हाथ में ले ली है। वह जगह-जगह जाकर रोड शो कर रही हैं। इसी कड़ी में अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र अमेठी के लिए आज (बुधवार ) प्रियंका गांधी पर काफिला रवाना हुआ। लखनऊ से हैदरगढ़ के रास्ते अमेठी सिंहपुर के चिल्ला गांव पहुंची प्रियंका गांधी का कार्यकताओं ने भव्य स्वागत किया। इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर कार्यकताओं ने भव्य स्वागत किया था। 
हैदरगढ़ में तनुज के कान में मंत्र दे गईं प्रियंका
प्रियंका गांधी का काफिला लखनऊ से चलकर दोपहर 12 बजे हैदरगढ़ पहुंचा। यहां स्वागत में उमडे़ कांग्रेसियों ने ‘गरीब परिवार बहत्तर हजार’ के नारे बुलंद कर दिए। पार्टी महासचिव की एक झलक पाने को कार्यकर्ता बेताब दिखे। इस दौरान डॉ.पुनिया व उनके पुत्र कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया भीड़ में पीछे छूट गए। प्रियंका अपने वाहन से उतरकर भीड़ की धक्कामुक्की को नजरअंदाज कर पुनिया तक स्वयं ही पहुंचीं। तनुज के कान में दो-तीन बार प्रियंका ने कुछ कहा तो पुनिया और प्रसन्न होते दिखे। तनुज से भी उन्होंने जनसंपर्क में और तेजी लाने को कहकर उत्साहित किया। अभिवादन करते हुए हैदरगढ कस्बे के बाहर तक गईं। इस दौरान कार्यकर्ता ‘प्रियंका गांधी आईं हैं भाजपा घबराई है’ के नारे भी बुलंद करते रहे। हैदरगढ-सुल्तानपुर मार्ग पर जाम की स्थिति सुबह 10 बजे से ही हो गई थी। प्रियंका के आने पर उनकी एक झलक पाने को कार्यकर्ता बेताब दिखे।
कार्यकताओं में भारी जोश
वहीं, पार्टी महासचिव के आगमन को लेकर कार्यकताओं के बीच भारी जोश देखने को मिला। हाथ में झंडा तो कोई फूल लिए इंतजार करता दिखाई दिया। ढोल नगाड़ो के साथ सड़कों पर चाहने वालों की भीड़ जमा रही। वहीं, सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। एसपीजी के जवान कस्बे में चप्पे-चप्पे पर नजर दौड़ाई जा रही है।
अमेठी में मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम को करेंगी संबोधित
प्रियंका गांधी लखनऊ से हैदरगढ़, इन्हौंना, जगदीशपुर होते हुए दोपहर अमेठी स्थित मुसाफिरखाना के एएच इंटर कॉलेज पहुंचेंगी। यहां वह मेरा बूथ मेरा गौरव कार्यक्रम के तहत 1956 बूथों के कार्यकर्ताओं से एक-एक कर रूबरू होंगी। देर शाम वह सड़क मार्ग से रायबरेली स्थित भूएमऊ गेस्ट हाउस के लिए रवाना होंगी, जहां रात्रि विश्राम करेंगी।
अमेठी दौरे से पहले पोस्टर वॉर
प्रियंका गांधी वाड्रा के अमेठी पहुंचने से पहले ही जिले स्थित मुसाफिरखाना कस्बे में जगह-जगह विरोधी पोस्टर लगाए गए। बताया जा रहा है कि यह पोस्टर समाजवादी पार्टी (सपा) के छात्र सभा नेता जयसिंह प्रताप यादव द्वारा लगवाए गए हैं। पोस्टर में लिखा गया- “देख चुनाव पहन ली सारी नहीं, चलेगी होशियारी। क्या खूब ठगती हो, क्यों पांच साल बाद ही अमेठी दिखती हो, साठ सालों का हिसाब दो।”
28 मार्च को रायबरेली और 29 मार्च अयोध्या में
गौरलतब हो कि प्रियंका गांधी 28 मार्च को अपनी मां और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली का दौरा करेंगी। यही नहीं प्रियंका गांधी का काफिला शुक्रवार यानी 29 मार्च को अयोध्या भी पहुंचेगा।
पिछले दिनों की थी गंगा यात्रा
बता दें, प्रियंका गांधी ने पिछले दिनों गंगा यात्रा की। इस दौरान वह प्रयागराज से वाराणसी तक स्टीमर से गईं। इस दौरान उन्होंने प्रयागराज से गंगा किनारे के पौराणिक स्थल सीतामढ़ी पहुंचकर मछुआरों और महिलाओं से संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने जनता से अपील की कि देश और संविधान को बचाने के लिए सोच-समझ के वोट करें। प्रियंका ने कहा मैंने और मेरे भाई ने बहुत संघर्ष देखे हैं। पिता और परिवार का बलिदान देखा है। राहुल को सत्ता का शौक नहीं है वो आप सभी की भलाई चाहते हैं।
प्रियंका ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि मौजूदा सरकार ने पांच साल पहले खूब वादे किए और इतने साल की सत्ता के दौरान कोई वादा पूरा नहीं किया। किसानों की भलाई हुई न महिलाओं की भलाई हुई। युवाओं को रोजगार भी नहीं मिला। ये सरकार जनता को और उसकी आशाओं व अपेक्षाओं को नकारने वाली है। पीएम का नाम लिए बिना प्रियंका ने कहा था कि 56 इंच के सीने वाले इतने महान नेता आप हैं तो सभी वादे पूरे क्यों नहीं किये। सच ये है कि आप दुर्बल हैं।