सूची से नाम कटने से आहत हरदोई सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के सांसद ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए घोषित भारतीय जनता पार्टी की पहली सूची से नाम कटने से आहत हरदोई सुरक्षित लोकसभा क्षेत्र से पार्टी के सांसद अंशुल वर्मा ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में चौकीदार को इस्तीफा सौंपा। बताया जा रहा है कि टिकट कटने से नाराज अंशुल वर्मा सपा में शामिल हो सकते हैं।

भाजपा ने हरदोई से अब पूर्व सांसद जय प्रकाश रावत को प्रत्याशी बनाया है। अंशुल वर्मा टिकट कटने के बाद काफी आहत हैं। पिछले दिनों उन्होंने बयान दिया था कि टिकट कटने का कारण मेरा अनुसूचित जाति (दलित) का होना है। उन्होंने कहा था कि भाजपा ने जिन सांसदों के टिकट काटे हैं, उनमें से छह दलित हैं, क्या यही सबसे ज्यादा नकारा थे।

सांसद ने कहा था कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को चौकीदार बता चुके हैं तो वह भी चौकीदार हैं। अब सदन में नहीं लेकिन जिले में डंडा लेकर विकास को लेकर चौकीदारी करूंगा। विकास में कोई समझौता नहीं होगा और उसके लिए उनका डंडा तैयार है।