
भाजपा की स्टार प्रचारक केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी रविवार को दोपहर बाद 3 बजे से कानपुर की गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित काली मठिया चौराहे के पास जनसभा को संबोधित करेंगी। इसी के साथ कानपुर में भाजपा का चुनाव प्रचार शुरू हो जाएगा।
जनसभा को लेकर शनिवार को नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में तैयारियों संबंधी बैठक हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष (उत्तर इकाई) सुरेंद्र मैथानी ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां बांटी। भाजपा के सभी मंडलों में बैठकें करके जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचने की बात कही गई।
बैठक में सुनील बजाज, पूनम कपूर, सत्येंद्र नाथ पांडेय, संतोष शुक्ला, अनिल दीक्षित, रंजीता पाठक, सीमा तिवारी, प्रमोद विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। स्मृति ईरानी के साथ मंच पर बैठने को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हैं।
सोशल मीडिया में इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा नगर सीट से एक प्रतिष्ठित परिवार की महिला को टिकट दे सकती है। इसलिए वो भी स्मृति ईरानी के साथ मंच साझा करेंगी। हालांकि पार्टी कार्यालय ने इसकी पुष्टि नहीं की है।