आलिया ने बर्थडे पर अपनी शादी को लेकर किया बड़ा खुलासा, बोलीं- ‘शादी का सीजन है और मैं…’

आलिया भट्ट आज 26 साल की हो गई हैं । आलिया के पास फिल्मों की भरमार है । एक के बाद एक हिट फिल्में देकर आलिया इतनी कम उम्र में ही बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हीरोइनों में शामिल हो गई हैं । वहीं आलिया, रणबीर कपूर के साथ अफेयर को लेकर भी काफी चर्चा में हैं ।

हर दूसरे दिन दोनों को साथ में घूमते-फिरते देखा जाता है । इसके अलावा मीडिया में ये भी खबर है कि आलिया और रणबीर इस साल शादी कर सकते हैं । हालांकि आलिया और रणबीर इस बात को हमेशा से नकारते रहे हैं । फिर भी इन खबरों पर विराम लगाने में नाकाम हैं । अपने बर्थडे पर आलिया ने फिर से रणबीर से शादी को लेकर बयान दिया है ।

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में आलिया ने कहा, ‘ये सब बेकार की बातें हैं । आपको ये समझना चाहिए कि पर्सनल चीजों को क्यों पर्सनल रखा जाता है । एक ही पल में आप लोग कुछ भी कह देते हैं । मेरी शादी को लेकर कोई ना कोई खबर आती ही रहती है । मैं फैंस से मिलती हूं तो वो भी मुझसे यही सवाल पूछते हैं ।’

‘वो लोग सोचते हैं कि शादी का सीजन चल रहा है तो मैं भी शादी कर लूं । लेकिन शादी का ख्याल अभी तक मेरे दिमाग में भी नहीं आया है । मेरे प्लान में अभी शादी शामिल नहीं है । मुझे अभी बहुत काम करना है । ऐसा नहीं है कि शादी के बाद मैं काम नहीं कर पाऊंगी लेकिन अभी मेरे पास बहुत काम है ।’

आलिया ने कहा कि उनका फोकस अभी सिर्फ काम पर है । आलिया की पिछली फिल्म ‘गली ब्वॉय’ थी । ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही है । आलिया ने इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ काम किया था । बता दें कि आलिया ने अपना बर्थडे परिवार और रणबीर कपूर के साथ अपने फ्लैट पर मनाया ।