
लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के लिए तारीखों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा करनी शुरू कर दी है. इसी के मद्देनजर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की मुखिया ममता बनर्जी ने मंगलवार को अपने आवास पर एक बैठक की. इस बैठक के बाद ममता बनर्जी ने राज्य की 42 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया. इसके साथ ही ममता ने कहा कि इस बार टीएमसी ने 40.5 फीसदी महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है. यह हमारे लिए गर्व का विषय है. 
मुनमुन सेन की लोकसभा सीट में किया बदलाव
टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बैठक के बाद कहा कि पार्टी ने आसनसोल से अभिनेत्री मुनमुन सेन, अभिनेत्री सताब्दी रॉय को बीरभूम, इस्लामपुर से कनाईलाल अग्रवाल, अलीपुर दुआर्स से दशरथ तिर्की, कूच बिहार से परेश अधिकारी, दार्जिलिंग से अमर रॉय और कृष्णानगर से महुआ मैत्री को उम्मीदवार बनाया है. बता दें कि अभिनेत्री मुनमुन सेन 2014 में बांकुरा से सांसद बनी थीं. इस बार उनकी सीट में बदलाव किया गया है. लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल एक अहम राज्य बनकर उभरा है. वहीं, बीजेपी ने राज्य में टीएमसी को चुनौती देने के लिए पूरा जोर लगा दिया है.
टीएमसी सांसद अनुपम हाजरा बीजेपी में शामिल
वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सांसद अनुपम हाजरा समेत कई नेता मंगलवार को बीजेपी में शामिल हो गए. पश्चिम बंगाल में बीजेपी ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर देने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है. सूत्रों की मानें तो, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के कई बड़े नेता बीजेपी के संपर्क में हैं. पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद अधिरंजन चौधरी के भी बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं. अगर ऐसा होता है तो, राज्य में बीजेपी मजबूत स्थिति में आ सकती है.