
अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने कहा है कि लव रंजन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ में अजय देवगन और तब्बू जैसे कलाकारों के साथ जुड़ने पर उन्हें और कड़ी मेहनत करनी पड़ी और इसने उनके कौशल का दायरा बढ़ाने में मदद की है.
रकुल प्रीत सिंह अजय देवगन और तब्बू की इस आगामी फिल्म में विशेष किरदार निभा रही हैं. रकुल ने इस फिल्म में अपने किरदार के बारे में बात करते हुए काफी कुछ बताया है.
उन्होंने ने मीडिया से हुई बातचीत में बताया, “दो ऐसे अद्भुत, उम्दा अभिनेताओं के साथ काम करने से आप अपनी सीमाओं को तोड़ पाते हैं और अपना दायरा बढ़ा पाते हैं. मैं इस फिल्म की रिलीज का इंतजार नहीं कर पा रही हूं. अब मैं केवल दिनों की गिनती कर रही हूं.”
मैं उस फिल्म के लिए बहुत उत्साहित हूं क्योंकि मेरी भूमिका अद्भुत है और मैंने इस भूमिका में ढलने के लिए बहुत कुछ किया है. फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ इसी साल मई में रिलीज होगी.
बता दें कि अजय देवगन इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘टोटल धमाल’ के जरिए बॉक्स ऑफिस पर छाए हैं. वहीं उनकी बिग बजट फिल्म ‘तानाजी: द अनसग वॉरियर’ की शूटिंग में भी वह काफी बिजी हैं. इस फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ में तब्बू और अजय देवगन लंबे समय के बाद साथ नजर आने वाले हैं. वहीं रकुल प्रीत की बात करें तो वह इन दिनों साउथ सुपरस्टार ‘एनटीआर’ की बायोपिक और ‘मरजांवा’ की शूटिंग में भी काफी व्यस्त हैं