
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गाजियाबाद और कानपुर में होंगे। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ मार्च को कानपुर, गाजियाबाद और वाराणसी में होंगे। उनके आगमन की तैयारियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री दोनों जगहों पर आज तैयारियां परख रहे हैं। इस क्रम में वह वाराणसी जाकर तैयारियों का जायजा एक दिन पहले ही ले चुके हैं। कानपुर में मोदी की प्रस्तावित रैली की तैयारियों का जायजा लेने योगी सुबह करीब 10:00 बजे निराला नगर स्थित रेलवे मैदान पहुंच गए और अधिकारियों के साथ मैदान पर ही मीटिंग शुरू की। मुख्यमंत्री यहां करीब 1 घंटा ठहरे और सब कुछ ठीकठाक देख संतुष्ट हुए। उल्लेखनीय है कि पीएम नरेंद्र मोदी यूपी में अपना तूफानी दौरा शुरू करने जा रहे हैं।
आज हिंडन एयरपोर्ट पर योगी
प्रधानमंत्री मोदी के आठ मार्च के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (बुधवार) हिंडन एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। उधर, एसपीजी के डीआइजी एसके शर्मा ने सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार को एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। अधूरे कार्यों के चलते सुरक्षा व्यवस्था बनाने में कोई व्यवधान न हो इसके लिए कर्मचारियों को अधूरे कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए। एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह साढ़े 11 बजे आने की उम्मीद है। वह हिंडन एयरबेस से नया बस अड्डा, हिंडन एयरपोर्ट व प्रधानमंत्री के सभास्थल पर जाएंगे। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के दौरान दिल्ली वजीराबाद रोड, जीटी रोड पर यातायात रोका जाएगा।
चार हजार पुलिसकर्मी करेंगे सुरक्षा
गाजियाबाद एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि पीएम की सुरक्षा के लिए एसपीजी के साथ पुलिस, पीएसी, आरएएफ व यातायात पुलिस के चार हजार कर्मी तैनात रहेंगे। 10 एसपी, 10 कंपनी पीएसी, आरएएफ, ढाई हजार से अधिक पुलिसकर्मी, यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। एसपीजी के निरीक्षण के दौरान जो भी खामियां मिली हैं। उन्हें जल्द दूर कर लिया जाएगा। कानपुर में भी कमोबेश इसी तरह से सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। इस बीच एसपीजी डीआइजी एसके शर्मा ने सुरक्षा का हवाला देते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी के कर्मचारियों को हिंडन एयरपोर्ट टर्मिनल के अधूरे कामों पर फटकार लगाई।