इस खिलाड़ी की फिटनेस ने जीता कोहली का दिल, बोले ‘पहले कभी नहीं देखा गेंदबाज का ऐसा रूप’

टीम इंडिया ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया को पांच मैचों की वन-डे सीरीज में छह विकेट से मात दी। भारत की इस जीत में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की भी काफी अहम भूमिका रही। शमी ने इस मैच में 10 ओवर में 44 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए।

पिछले साल शमी के जिंदगी में इतनी उथल-पुथल होने के बावजूद गेंदबाज ने शानदार वापसी करते हुए न सिर्फ टेस्ट क्रिकेट में खुद को साबित किया, बल्कि अपने वन-डे करियर की भी बेस्ट परफॉर्मेंस का सबूत पेश किया। पहले कभी सफेद गेंद से उन्हें बल्लेबाजों पर ऐसा आक्रमण करते नहीं देखा था।

शमी की जबर्दस्त फॉर्म को देखने के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली भी मैच पोस्ट प्रेजेंटेशन उनकी तारीफ करने में पीछे नहीं रहे। उन्होंने कहा मैंने कभी शमी का यह रूप नहीं देखा। उन्होंने कहा कि शमी में विकेट लेने की भूख अभी खत्म नहीं हुई है और वह बेहतर लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी कर रहे हैं।

साथ ही कोहली ने कहा कि शमी न सिर्फ अपनी गेंदबाजी पर जमकर पसीना बहा रहे हैं, बल्कि फीजिक पर भी पूरा ध्यान दे रहे हैं। शमी ने अपना वजन 5 से 6 किलोग्राम कम किया है। कोहली ने कहा कि वह शमी के प्रदर्शन से काफी खुश हैं।

बता दें कि शमी की धाकड़ गेंदबाजी और जबर्दस्त फॉर्म ने भारतीय क्रिकेट के चयनकर्ताओं का सिरदर्द भी दूर कर दिया है। वर्ल्ड कप से पहले सिलेक्टर्स तीसरे तेज गेंदबाज को लेकर काफी चिंतित थे। उन्हें भुवनेश्वर और बुमराह के अलावा तीसरा तेज गेंदबाज शमी के रूप में मिल गया है।