
सेहत मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा ने कहा कि भारत-पाक तनाव के बीच जो भी हालात बने हैं, उनसे निपटने के लिए सेहत विभाग पूरी तरह सतर्क है। सभी अस्पतालों में हाई अलर्ट किया गया है। सरकारी के साथ-साथ निजी अस्पतालों को भी तैयार रहने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर निजी अस्पतालों की भी मदद ली जाएगी।
सीएमसीएच की स्थापना के 125 साल पूरे होने पर आयोजित समारोह समारोह में पहुंचे सेहत मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से चलाई गई आयुष्मान भारत योजना पंजाबियों के लिए नाकाफी थी, क्योंकि इसकी शर्तों के मुताबिक इसमें केवल 14.95 लाख लोग ही कवर हो रहे थे। इसी कारण पंजाब सरकार ने इसके मुकाबले सरबत सेहत बीमा योजना लागू की है, जिसमें केवल क्रीमी लेयर और आयकर के तौर पर मोटी राशि जमा कराने वाले लोगों को छोड़कर बाकी सभी को कवर किया जाएगा।
उन्होंने सरकारी अस्पतालों में चल रही स्टाफ की कमी के संबंध में कहा कि खाली पड़े पदों को भरने के लिए पहले चरण में ठेके, आऊटसोर्सिंग, पार्ट टाइम या डेली वेजिज के तौर पर काम कर रहे मुलाजिमों को पक्का किया जाएगा। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर नई भर्ती भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब से उनके पास यह महकमा आया है, लगातार सेहत सुविधाओं को अपग्रेड करने के लिए काम किया जा रहा है।