
राजधानी में मार्च की शुरुआत से ही मौसम ने करवट ले ली है। जहां मार्च का पहला दिन काफी ठंडा रहा, वहीं दूसरे दिन सुबह से ही घने बादल छाने के साथ ही कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण पारा लुढ़क गया है। गौरतलब है कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में कोई कमी नहीं दर्ज की गई। 
ऐसा रहेगा आगे मौसम
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दूसरा दिन है, जब न्यूनतम तापमान लगातार औसत से कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान भी औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते आठ साल में एक मार्च की तारीख पर इतना ठंडा नहीं पड़ा।
यहां भी बदला मौसम
जानकारी के लिए बता दें इस वक्त का औसत अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस होता है। ऐसे में इस बार कई साल बाद इस तरह के मौसम का अनुभव लोगों को हो रहा है। विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, चंडीगढ़-हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में शनिवार और रविवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। शुक्रवार को सुबह धूप खिली, लेकिन शाम होते ही हल्की ठंड भी बढ़ गई। पारे में बड़ी गिरावट है।