
पुलवामा हमले के बाद पूरे देशवासी एकजुट हुए और आतंकियों पर कड़े एक्शन लेने की बात कही जाने लगी। बॉलीवुड सेलिब्रिटीज भी इस दौरान जवानों के साथ आए और ना केवल सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया बल्कि शहीदों के परिवारों की मदद भी की। 

शाहरुख खान हो या आमिर खान सभी ने जवानों की बहादुरी को सलाम किया, हालांकि कुछ सेलिब्रिटीज को इस दौरान ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा। जिन सेलिब्रिटीज ने सोशल मीडिया पर पुलवामा हमले का कोई ट्वीट नही किया उन्हें ट्रोलर्स ने भद्दी-भद्दी गालियां दीं।
सेलिब्रिटीज को ट्रोल करने पर अब एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने गुस्सा निकाला है। पिंकविला से इंटरव्यू में तापसी ने कहा कि ‘जब आप मुझे बता रहे हैं कि आपको यह करना है तो मैं ऐसा नहीं करूंगी। अब आप क्या करेंगे? लंबे समय तक मैं वही करती रही जिसकी मुझसे अपेक्षा की जा रही थी। यह ऐसा है कि आपको मुझसे बात करनी है लेकिन मैं यह नहीं करूंगी। अब मैं विद्रोही बन गई हूं। मुझे पता है मैं क्या महसूस करती हूं। मेरे आसपास के लोग जो मेरे लिए मायने रखते हैं वो जानते हैं कि मैं क्या महसूस करती हूं। ट्विटर पर लिखना जरूरी नहीं होना चाहिए?’
तापसी आगे कहती हैं कि ‘मुझे ट्रोल करने वालों की अब फिक्र नहीं है। ना तो मैं उनके बारे में सोचती हूं। कभी-कभी मैं अपने फॉलवर्स का मनोरंजन करती हूं कि हम सबके लिए हंसना जरूरी है। मैं उनसे यही कहना चाहती हूं कि मुझे ट्रोल करते रहें। मैं उन्हें कई मुद्दे दूंगी जो उनकी जिंदगी के लिए महत्वपूर्ण हैं।’
वर्कफ्रंट की बात करें तो तापसी जल्द ही अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म बदला में दिखाई देंगी। ट्रेलर देख के पता चलता है फिल्म मर्डर मिस्ट्री पर आधारित है। सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी ये फिल्म 8 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होगी। फिल्म को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है।