
पंजाब से बड़ी खबर आ रही है। हिंदुमलकोट बॉर्डर पर आज पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग की गई, जिससे घबराए किसानों ने थाने में शिकायत कर दी। वहीं फायरिंग के बाद से किसान डरे हुए हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने जमीन पर लेटकर अपना बचाव किया।
वहीं फायरिंग की शिकायत मिलते ही एसपी हेमंत शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बॉर्डर पर पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी किए जाने की खबर मिली है। बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद पाकिस्तान रेंजर्स भाग गए। मामले की जांच की जा रही है।
बीएसएफ की तरफ से ये बयान आया
बीएसएफ का कहना है कि पाकिस्तानी रेंजर्स शिकार कर रहे थे, और दूसरी तरफ किसान फेंसिंग के पार खेतों में काम कर रहे थे। पाक रेंजर्स की शिकार के दौरान फायरिंग की आवाज सुनकर किसान घबरा गए और उनमें भगदड़ मच गई। डर के मारे किसान वापस आ गए और पुलिस को इसकी शिकायत दे दी।
बीएसएफ का कहना है कि फिलहाल इस मामले में कोई घबराने की बात नहीं है। बीएसएफ की ओर से बॉर्डर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। गांव वालों को फायरिंग होने की स्थिति में अपना बचाव करने की ट्रेनिंग भी दे दी गई है। साथ ही बीएसएफ को सूचना देने को भी कहा गया है।