
दक्षिण सिनेमा के जाने माने अभिनेता रजनीकांत ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया है, इसके साथ ही किसी भी पार्टी को रजनीकांत ने अपना समर्थन देने से भी स्पष्ट इनकार कर दिया है। उन्होंने इस बारे में एक बयान जारी करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी इस लोकसभा चुनाव में भाग नहीं लेगी और ना ही उनकी ओर से कोई प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। 
इसके साथ ही रजनीकांत ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी के चुनाव चिन्ह का या उनकी तस्वीर का 2019 लोकसभा चुनाव में किसी तरह से उपयोग नहीं किया जा सकता है। रजनीकांत ने कहा है कि उनकी पार्टी के चुनाव चिन्ह और उनकी तस्वीर का उपयोग करके चुनाव में किसी तरह का प्रोपेगेंडा नहीं फैलाया जाना चाहिए।
आपको बता दें कि रजनीकांत के साथ ही कमल हसन ने भी राजनीति में पदार्पण किया था, जिसके बाद माना जा रहा था कि दोनों ही दिग्गज अभिनेता आने वाले लोकसभा चुनाव दक्षिण की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही दिल्ली की राजनीति में भी बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं। एक ओर जहां रजनीकांत ने लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया है, वहीं दूसरी ओर कमल हसन लगातार राजनीति में सक्रिय हैं और काफी दिनों से दिल्ली में हैं।