
मौजूदा रणजी चैंपियन विदर्भ और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच खेले जा रहे ईरानी कप का चौथा दिन हनुमा विहारी के नाम रहा। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे विहारी ने शुक्रवार को ईरानी कप में इतिहास रच दिया।
मौजूदा रणजी चैंपियन विदर्भ के खिलाफ खेले जा रहे ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से विहारी ने दूसरी पारी में 300 गेंदों में 19 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 180 रन की बेहतरीन पारी खेली।
इस शतक के साथ ही हनुमा विहारी ईरानी कप के इतिहास में लगातार तीन शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। इसके साथ ही हनुमा साल 2011 में शिखर धवन (राजस्थान के खिलाफ) के बाद ईरानी ट्रॉफी की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन गए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रेस्ट ऑफ इंडिया ने अपनी पहली पारी में 330 रन बनाकर आउट हो गई। इस दौरान 25 साल के हनुमा ने 211 गेंदों पर 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से सबसे अधिक 114 रन रन शानदार शतकीय पारी खेली थी।
गौरतलब है कि 25 साल के इस खिलाड़ी ने पिछले साल भी विदर्भ के ही खिलाफ रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए 183 रन की पारी खेली थी। बता दें कि विहारी के लगातार दूसरे शतक से रेस्ट ऑफ इंडिया ने रणजी चैंपियन विदर्भ के सामने शुक्रवार को 280 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है।
वहीं, विदर्भ ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट पर 37 रन बनाए हैं और वह लक्ष्य से 243 रन पीछे है। इससे पहले शेष भारत ने अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 374 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी।
हनुमा विहारी ने अब तक 69 फर्स्ट क्लास क्रिकेट मैचों में 57.52 की औसत से 5465 रन बनाए हैं, जिसमें 15 शतक और 27 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा वह टीम इंडिया के लिए चार टेस्ट मैच भी खेल चुके हैं। सात पारियों में उन्होंने 23.85 की औसत से 167 रन बनाए हैं। विहारी ने सितंबर 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था।