
टेस्ट क्रिकेट की रन मशीन चेतेश्वर पुजारा, ओलंपिक पदक विजेता एमसी मैरीकॉम और पीवी सिंधु उन कई खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें भारतीय खेल सम्मान के लिए नामित किया गया है। ये पुरस्कार शनिवार को मुंबई में प्रदान किए जाएंगे।
पुजारा, उनकी राष्ट्रीय टीम के साथी रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह को भारतीय फुटबाल टीम के कप्तान सुनील छेत्री के साथ वर्ष का पुरूष खिलाड़ी (टीम खेल) पुरस्कार के लिए चुना गया है।
वर्ष की महिला खिलाड़ी (टीम खेल) के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की सदस्यों स्मृति मंधाना, मिताली राज और हरमनप्रीत कौर तथा राष्ट्रीय हाकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया को नामित किया गया है।
व्यक्तिगत खेलों के वर्ग में भाला फेंक के एथलीट नीरज चोपड़ा, बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत, पहलवान बजरंग पूनिया, निशानेबाज सौरभ चौधरी और क्यूइस्ट पंकज आडवाणी वर्ष के पुरूष खिलाड़ी की दौड़ में हैं।
बैडमिंटन खिलाड़ी सिंधु और मैरीकॉम को वर्ष की महिला खिलाड़ी (व्यक्तिगत खेल) के लिए नामित किया गया है। उनके अलावा पहलवान विनेश फोगाट, धाविका हिमा दास और हेप्टाथलन की एथलीट स्वप्ना बर्मन को भी इस वर्ग में नामित किया गया है।