
झारखंड के गोड्डा में ललमटिया-फरक्का एमजीआर लाइन पर मोहला व मेघी के बीच कोयला लदी मालगाड़ी की 11 बोगी पलट गई हैं। पता चला है कि एनटीपीसी फरक्का को ललमटिया से कोयला भेजा जा रहा था, जिसमें 66 बोगी थीं, इनमें से 11 पलट गईं। रेल लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कोयला ढुलाई ठप हो गई है।
प्रथम दृष्टया रेल लाइन फ्रैक्चर होने से दुर्घटना की बात सामने आ रही है। 66 नहीं 44 बोगी थी। 11 बोगी पटरी से उतरी है। आठ बोगी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। आसपास के लोग कोयला लूटने में लगे हैं। सुबह 6.30 बजे दुर्घटना हुई। पांच से छह रैक कोयला हर रोज यहां से जाता है। उसकी ढुलाई बाधित होगी।
एनटीपीसी फरक्का की क्षमता 2100 मेगावाट है लेकिन फिलहाल 1600 मेगावाट ही उत्पादन हो रहा है। कोयला न मिलने से बिजली संकट गहरा सकता है। एनटीपीसी के डिस्चार्ज मैनेजर एके मिश्रा ने बताया कि बुधवार शाम तक रेललाइन दुरुस्त हो पाएगी। फरक्का पावर प्लांट में मात्र डेढ़ दिन का स्टाक है। रेलवे से कोयले की डिमांड की गई है। लोडिंग प्वाइंट से 15वें किमी पर यह दुर्घटना हुई है।