
बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘भारत’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। यह फिल्म सलमान खान का ड्रीम प्रोजेक्ट है इसलिए वो इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। सलमान खान अपनी दरियादिली के लिए जाने जाते हैं। बॉलीवुड में उन्होंने कई लोगों को मौका दिया है। आज कई लोग सिर्फ उनकी बदौलत ही फिल्म इंडस्ट्री में जगह बना पाए हैं लेकिन सलमान जिससे बैर कर लेते हैं उसका करियर ट्रैक से उतरने लगता है। इसलिए कोई भी सलमान से अपने रिश्ते नहीं बिगाड़ना चाहता। बीते दिनों खबर थी कि सलमान और रेमो डिसूजा के बीच खटास आ गई थी जिसके बाद वह हाल ही में उनसे मिलने पहुंचे।

पिछले दिनों फिल्म ‘रेस 3’ के दौरान सलमान खान और डायरेक्टर रेमो डिसूजा के बीच खटास आ गई थी। ऐसा बताया जाता है कि कुछ सीन्स को लेकर सलमान और रेमो के बीच मतभेद थे। इसके बाद फिल्म ‘रेस 3’ जब बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक नहीं चल पाई तो दोनों के बीच अनबन हो गई। इस फिल्म की वजह से सलमान का नुकसान भी हुआ और यह फिल्म साल 2018 की दूसरी सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म साबित हुई।
इस वजह से सलमान और रेमो के बीच दूरियां बढ़ गई थीं। रेमो इन्हीं दूरियों को कम करने की कोशिश में लग गए हैं। अब जिस तरह से सलमान के प्रति रेमो अपनी दीवानगी दिखा रहे हैं, उससे लगता है कि इनके रिश्ते पहले जैसे हो सकते हैं।
सलमान की फिल्म ‘भारत’ का सेट इन दिनों मुंबई की फिल्मसिटी में लगा हुआ है। यहीं रेमो डिसूजा की अपकमिंग फिल्म ‘स्ट्रीट डांसर’ का भी सेट लगा हुआ है। रिपोर्ट्स की मानें तो रेमो डिसूजा शूटिंग से वक्त निकालकर ‘भारत’ के सेट पर गए थे, लेकिन इस दौरान सलमान शूटिंग में काफी व्यस्त थे इसी वजह से रेमो की सलमान से मुलाकात नहीं हो पाई। हालांकि सलमान ने रेमो को रात को घर आने का न्योता दिया।
इसके बाद रेमो रात के साढ़े तीन बजे सलमान के घर पहुंच गए। माना जा रहा है कि रेमो पुरानी बातों को भुलाकर सलमान खान को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। रेमो नहीं चाहते हैं कि किसी भी वजह से उनके और सलमान के बीच के रिश्ते खराब हो क्योंकि इसका सीधा असर उनके करियर पर पड़ सकता है।
इससे पहले सलमान और सिंगर अरिजीत सिंह के बीच विवाद हुआ। इसके बाद खबर आई थी कि सलमान ने अपनी फिल्म सुल्तान से अरिजीत का गाना हटवा दिया था। अरिजीत ने खुलेआम सलमान से माफी मांगी थी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।