रेसिपी : मुंह में घुल जाएगा आंध्र प्रदेश की अरिसेलु का स्वाद, भूल नही पायेगे

अरिसेलु आंध्र प्रदेश की खास डिश है, जो स्वाद में मीठी होती है। इसे चावल के आटे और गुड़ से बनाया जाता है। यहां इसे अरसा या अरिसा के नाम से भी पुकारते हैं। यह स्नैक्स है, मगर भूख लगने पर इसे खाकर पेट भी भरा जा सकता है। 2 से 3 अरिसेलु खाने से पेट कुछ देर भी भरा हुआ महसूस होता है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी

सामग्री :
2 किलो : चावल का आटा
1 किलो : गुड
100 ग्राम : तिल
3 चम्‍मच : घिसा नारियल
1/4 लीटर : पानी
तलने के लिए तेल

विधि :
पहले 2 कप चावल को रातभर के लिये पानी में भिगो दें और सुबह उसे धो कर 20 मिनट के लिए किसी साफ और सूती कपड़े पर रख कर सुखा लें। सूखे हुए चावल को मिक्‍सी में पीसकर पाउडर बना लें। अब एक कढ़ाई में 1/4 लीटर पानी डाल कर उसमें 1 किलो गुड डालें। इसे उबाल कर सीरप तैयार करें।

गुड को पानी से अलग छान लीजिए और फिर उसे अलग बरतन में दुबारा गाढ़ा होने तक पका लीजिए। जब गुड़ का सीरप तैयार हो जाए तब उसमें घिसा हुआ नारियल मिलाएं। अब धीरे-धीरे करके इसमें चावल का आटा मिलाएं और लगातार चलाते रहें।

अब गैस की आंच को बंद कर दीजिए और इसमें तिल मिला दीजिए। हमें यह ध्यान रखना होगा कि इस मिश्रण में गांठ ना पड़े। मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें। जब मिश्रण ठंडा हो जाए तब इसके छोटे-छोटे बॉल्‍स बना लें। इसे बेल लें या दोनों हाथों से दबा-दबाकर छोटी पूड़ी के आकार में बना लें। इसे एक और तरीके से बनाया जा सकता है। एक प्‍लास्‍टिक की शीट लें, उसमें तेल लगाएं, उसमें बॉल को रखें और दबाएं। दबा कर पूड़ी जैसा आकार दें।

अब कढाई में तेल गरम करें, इन पूड़ियों को तब तक तलें जब तक की यह भूरी ना हो जाएं। इन्‍हें तल-तल कर नैप्‍किन पेपर पर रखें और इनका तेल सुखा लें। ठंडा होने पर इन्हें सर्व कर सकती हैं। इन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखकर कुछ दिनों के लिए स्टोर भी कर सकती हैं।