झारखंड : बसपा विधायक को धमकी भरे फोन, सुरक्षा बढ़ाई गई…

झारखंड विधानसभा में एकमात्र बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने जान से मारने के धमकी भरे फोन आने की शिकायत की जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।

झारखंड विधानसभा में मंगलवार को शून्य काल में यह मामला उठाते हुए बसपा विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने कहा कि उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं और उनसे अवैध वसूली की मांग की जा रही है। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने सरकार को मामले का संज्ञान लेने को कहा।

बाद में राज्य पुलिस के प्रवक्ता अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुरारीलाल मीणा ने मीडिया को बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर इसकी जांच प्रारंभ कर दी गयी है और विधायक को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान कर दी गयी है।