रायपुर में सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत…

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में तेज रफ्तार से जा रही एक कार के गड्ढे में गिरने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है।

रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यहां बताया कि मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत अटल नगर में सेंध जलाशय के करीब तेज रफ्तार से जा रही एक कार सड़क के किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस घटना में कार में सवार तीन युवकों… झारखंड निवासी रवि कुमार तिवारी :22 वर्ष:, कोलकाता निवासी ओमेर आलम :25 वर्ष: और रायपुर निवासी मनाल कोसरिया :24 वर्ष: की मृत्यु हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि सभी युवक अटल नगर स्थित एक होटल में काम करते थे। बीती रात वह कार में सवार होकर मंदिर हसौद की तरफ निकले थे। वाहन कोसरिया चला रहा था। जब वह सेंध जलाशय के करीब थे तब उनकी कार सड़क के किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वहां पुलिस दल भेजा गया। पुलिस ने शवों और घायल युवक को अस्पताल भेजा।

उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि युवक नशे में थे। उनके वाहन से शराब की बोतल बरामद हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।