मौसम का यू टर्न बारिश ने बढ़ाई ठंड, ओले भी गिरे

लखनऊ: सर्दी के मौसम की पहली बारिश और ओलावृष्टि ने लखनऊ वालों को कपकपी का एहसास दिला दिया। राजधानी में शुक्रवार को बढ़ी जबरदस्त ठंड के बाद लोग शाम से ही घरों में दुबक गए। अधिकतम तापमान छह डिग्री लुड़क कर 17.2 डिग्री रेकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री घटकर कर 11 डिग्री पहुंचा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 26 जनवरी को छिटपुट बारिश के आसार हैं। आज 8 किमी प्रति घंटा हवा की चाल रही, जबकि नमी 98.63 फीसदी दर्ज हुई।

तेज हवाओं के साथ  बरस पड़ी काली घटाएं

राजधानी में शुक्रवार सुबह से बादलों की आवाजाही से मौसम ने तेवर दिखा दिए थे। आसमान में छाई काली घटाएं तेज हवा के साथ बरस पड़ीं। काली घटाओं से दिन में ही अंधेरा छा गया। दोपहर बाद तीन घंटे तक तेज बारिश और ओलावृष्टि से नीचे गिरे तापमान ने हवाओं में जबरदस्त ठंड बढ़ा दी। बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ तेज बारिश हुई, तो लोगों ने अलाव और रूम हीटर जलाकर ठंड से बचाव किया। सर्दी से बचाव को लोग दिन भर चाय की दुकानों पर उमड़ते रहे तो गर्म पकोड़ों की भी जमकर बिक्री हुई।

29 जनवरी रहेगा इस महीने का सबसे ठंडा दिन

मौसम वैज्ञानिक प्रो. ध्रुव सेन सिंह मुताबिक 26 जनवरी के दिन शाम तक बादलों की आवाजाही के साथ बारिश के आसार बने हैं। शुक्रवार देर रात से फॉग बढ़ने की भी आशंका है। इस हफ्ते का सबसे ठंडा दिन 29 जनवरी को सात डिग्री न्यूनतम पारा रहेगा। 

प्रो. ध्रुव सेन ने बताया कि सिर्फ बुधवार से शुक्रवार तक अधिक्तम तापमान में नौ डिग्री गिरावट आई है। उत्तरी क्षेत्र की तेज हवाओं और नमी 91 फीसदी तक पहुंचने के चलते शुक्रवार को बारिश हुई।बारिश हुई है। इस हफ्ते अधिक्तम पारा चार डिग्री और गिरने की संभावना है।

राजधानी में शुक्रवार को दोपहर एक बजे पीएम_10 की सबसे अधिक मात्रा 340.83 रही तो शाम चार बजे 63.42 रही। वहीं पीएम_2.5 सबसे अधिक एक बजे 239.23 दर्ज हुआ जबकि शाम चार बजे सबसे कम 47.30 रहा।

कोट

जम्मू-कश्मीर पर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके चलते लखनऊ सहित प्रदेश में बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। फॉग अब तेजी से बढ़ेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट उत्तरी क्षेत्र से बहने वाली हवा की चाल पर निर्भर करेगा। आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता

दिन       न्यूनतम तापमान      अधिक्तम तापमान

25 जनवरी    11                                 16

26 जनवरी    11                                 19

27 जनवरी    8                                  20

28 जनवरी    8                                  21

29 जनवरी    7                                  21

30 जनवरी    8                                 22

31 जनवरी    8                                 22