
सीतापुर। उ.प्र. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (संविदा) कर्मचारी संघ ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार से अपनी विभिन्न मांगों समान कार्य समान वेतन, मानव संसाधन नीति आउट सोर्सिंग को समाप्त करने, सृजित पदों के सापेक्ष कार्यरत संविदा कर्मचारियों का समायोजन वेतन विसंगति तथा मृतक आश्रित के परिवार को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी आदि को लेकर अनिश्चितत कालीन हड़ताल शुरू कर दी है। जिसमें जिले भर में कार्यरत समस्त संविदा कर्मचारी, आशा संगिनी तथा आशा बहुएं शामिल हुई।

हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रही। जिससे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान सीएमओ कार्यालय पर एकत्रित हुए संविदा कर्मियों को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री आदित्य कुमार भारती ने कहा कि जब तक हमारी जायज मांगों को सरकार द्वारा नहीं माना जायेगा। तब तक यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
उन्होंने दावा किया कि हड़ताल से जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, मिजिल्स रूबेला अभियान, आयुष ओपीडी, प्रधानमंत्री मातृत्व योजना, आयुष्मान भारत योजना, हर माह की इक्कीस तारीख को प्रत्येक जनपद से जाने वाली मासिक प्रगति रिपोर्ट, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, परिवार कल्याण के लाभार्थियों का भुगतान, यूपीएचएमआईएस व एचएमआईएस की रिपोर्ट की फीडिंग, समस्त प्रकार के बजट का लेखा जोखा तथा राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन द्वारा संचालित शहरी स्वास्थ्य केन्द्रों पर समस्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रही। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष डा. सैय्यद राशिद अली, संरक्षक सुजीत वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवनीश मिश्रा, उपाध्यक्ष डा. हरिदत्त आर्या, महिला उपाध्यक्ष ऊषा मिश्रा, संगठन मंत्री डा. पियूष बाजपेयी, महिला संगठन मंत्री डा. सरोजलता, मीडिया प्रभारी अनुज तिवारी, महासचिव अजेन्द्र कुमार नंद, कोषाध्यक्ष डा. वसीमुर्रहमान, उप कोषाध्यक्ष हरिकेश वर्मा, प्रवक्ता धर्मेन्द्र मौर्या, उप महासचिव राजेश कुमार तथा जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय के संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।