सपा बसपा के गठबंधन पर ओपी राजभर ने ली चुटकी,कहा दगे हुए कारतूस हैं दोनों।

प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री व सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मायावती व अखिलेश के गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने गठबंधन को लेकर कहा कि देश भर में गठबंधन हो रहे हैं। सपा बसपा के गठबंधन को उन्होंने दगा हुआ कारतूस कहकर चुटकी ली,राजभर ने कहा कि 2017 में इन दोनों पार्टियों का क्या हश्र हुआ सभी ने देख लिया है। लेकिन उन्होंने कहा कि दोनों के मिलने से मज़बूती ज़रूर बढ़ी है। इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। राजभर ने भाजपा के खिलाफ बयानबाज़ी को लेकर कहा कि अगर सच कहना बगावत करने जैसा है तो हम बाग़ी हैं।

एक कार्यक्रम में शामिल होने अलीगढ़ पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने केंद्र द्वारा सवर्णों को दिए 10 फीसदी आरक्षण को ड्रामा करार दिया है। उन्होंने कहा कि सवर्ण पिछड़ों की याद आ गई लेकिन अति पिछड़ों की पीएम व भाजपा अध्यक्ष को कोई परवाह नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वोट लेने के लिए सिर्फ़ बजा बजाय जा रहा है। अगर भाजपा अतिपिछड़ोंके आरक्षण में विभाजन नहीं करेगी तो सुभासपा यूपी की पूरी 80 लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार लड़ाएगी। राजभर ने कहा कि भाजपा को 100 दिन का समय दिया है आज 13 दिन पूरे हो गए हैं। 100 दिन बाद अकेले रास्ता तय करूंगा।