पेंशन बनाने के नाम पर रिश्वत लेते बड़े बाबू रंगे हाथ पकड़ा गया

अलीगढ़ : पेंशन बनाने के नाम पर रिश्वत मांगना पशुपालन विभाग के बड़े बाबू को महंगा पड़ गया. विभाग से रिटायर हुए कमलेश कुमार पिछले 6 महीने से बड़े बाबू के चक्कर काट रहे थे. पेंशन बनवाने के नाम पर कमलेश कुमार सात हजार रुपये बड़े बाबू उपेंद्र कुमार को पहले ही दे चुके थे. लेकिन बड़े बाबू की भूख इससे मिटी नहीं थी. बड़े बाबू ने तीन हज़ार रुपये की और मांग कर दी .

इससे पशुपालन विभाग के ही कर्मचारी कमलेश ने एंटी करप्शन विभाग में शिकायत कर दी. 8 जनवरी को कमलेश ने आगरा के एंटी करप्शन में शिकायत की और 2 दिन में ही बड़े बाबू का रिश्वत का खेल लोगों के सामने आ गया. बड़े बाबू उपेंद्र कुमार फर्नीचर प्वाइंट के दुकान में रिश्वत के रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए गए. कमलेश अपने ही विभाग के बड़े बाबू द्वारा रिश्वत मांगने से आहत थे. वह कई बार अपनी पेंशन स्वीकृत कराने के लिए बड़े बाबू के पास गए थे. 8 जनवरी को ही कमलेश ने रिश्वत मांगने की शिकायत की थी .

एंटी करप्शन आगरा विभाग के राजीव यादव ने बताया कि इन्ही की फर्नीचर प्वाइंट दुकान से तीन हज़ार रुपये रिश्वत मांगते गिरफ्तार किया. इस संबंध में थाना गांधी पार्क में मुकदमा दर्ज कराया गया है और वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. राजीव यादव ने बताया कि व्यक्तिगत पेंशन के प्रकरण में रिश्वत मांगने के आरोप में पकड़े गए हैं. राजीव यादव ने बताया कि जो भी शिकायत रिश्वत के प्रकरण में आती है उस पर तत्काल कार्रवाई होती है. (अगर आपका करप्शन से सामना हो, तो राजीव यादव जी के मोबाइल नंबर 9454401988 पर संपर्क कर मदद ले सकते हैं)