तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मामा भांजे को कुचला मौके पर दर्दनाक मौत

बिल्हौर कटरा हाईवे पर हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम शेखपुर के निकट वैन ने बाइक सवार मामा भांजे को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उछलकर सड़क पर गिरे मामा भांजे को उधर से गुजर रहे ट्रक ने कुचल दिया। चालक वैन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

हरपालपुर कस्बा निवासी कुलदीप (20) पुत्र रामबली अपने मामा निर्मल (25) पुत्र रामेश्वर निवासी खुटहेना मंगोलापुर कोतवाली देहात के साथ बाइक से अपनी बहन के घर शाहजहांपुर जनपद के अल्लागंज कस्बे में वजीरगंज जा रहा था। मामा भांजे बाइक पर सवार थे। यह हेलमेट नहीं लगाए थे। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिल्हौर कटरा हाईवे पर एक वैन ने बाइक में टक्कर मार दी। वैन की टक्कर लगने से मामा और भांजा उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान उधर से गुजर रहे नारियल पाउडर भरे ट्रक से दोनों कुचल गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। कुलदीप के पास मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने शिनाख्त की। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि ट्रक केरल के काजनगढ़ से रुद्रपुर जा रहा था। ट्रक चालक सुरेश पुत्र चंद्रपाल निवासी मुद्दबिहार जिला बीजापुर कर्नाटक को हिरासत में लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया।