
रायपुरः छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव अजय सिंह को हटा दिया है तथा उनकी जगह में सुनील कुमार कुजूर को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1983 बैच के आईएएस अधिकारी और राज्य के मुख्य सचिव अजय सिंह को अध्यक्ष, राजस्व मंडल बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है तथा उनके स्थान पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1986 बैच के आईएएस अधिकारी सुनील कुमार कुजूर को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है.
उन्होंने बताया कि कुजूर इससे पूर्व राज्य के कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी तथा अपर मुख्य सचिव वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग के पद पर तैनात थे. अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन ने राजस्व मंडल, बिलासपुर के अध्यक्ष कोप्पाला दुर्गानंद प्रसाद राव को कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी के पद पर पदस्थ किया है.