डॉक्टर ने महिला मरीज का नाम पूछा, परिजनों ने दौड़ा-दौड़ा कर लात-घूंसों से पीटा…

अमृतसर. गुरु नानक देव अस्पताल (जीएनडीएच) में रविवार रात करीब ढाई बजे इलाज करवाने आई महिला के परिजनों ने मरीज का नाम पूछने की बात से गुस्सा होकर डॉक्टर को दाैड़ा-दौड़ा कर पीटा। घटना से गुस्साए डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी। शहर की स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर दीं। डॉक्टरों ने गिरफ्तारी तक विरोध जारी रखने की चेतावनी दी है। पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।

रेजिडेंट डॉक्टर ने बताया कि डॉ. सचिन वर्धन ड्यूटी पर थे। रात ढाई बजे दो-तीन महिलाओं समेत 8 लोग एक महिला मरीज को लेकर आए। इलाज के दौरान उन्होंने सिर्फ महिला से इतना कहा, ‘तेरा नाम क्या है?’ इसे लेकर साथ आए लोग भड़क उठे कि ‘तेरा’ क्यों कहा।

हालांकि उन्होंने माफी भी मांगी लेकिन साथ आए लोगों ने थप्पड़ और घूंसों से हमला कर दिया। वह भाग कर अपने रूम में पहुंचे तो वहां भी उनसे मारपीट शुरू कर दी। अन्य लोगों ने उन्हें बचाया। इधर, हमले के विरोध में तालमेल कमेटी पैरा मेडिकल और नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन ने हड़ताल की चेतावनी दी है।

डॉक्टर रूम में भागा तो वहां भी मुक्के मारे, लोगों ने बचाया : रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के प्रधान अमृतपाल सिंह ने बताया कि अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टरों की सुरक्षा का कोई भी बंदोबस्त नहीं है। दो साल पहले भी बाहरी लोगों ने एक पीजी डॉक्टर की बाजू तोड़ दी थी। 

सोमवार को वह अन्य सेवाओं के साथ इमरजेंसी को भी बंद करेंगे। एसोसिएशन के लोगों की मांग है कि मौके पर तैनात पुलिस मुलाजिमों को डिसमिस किया जाए। डॉक्टरों की सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त हो, सीसीटीवी कैमरे ठीक करवाए जाएं, लाइट की प्रापर व्यवस्था हो और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।