साइबर अटैक के चलते अमेरिका में कई घंटे देरी से बंटा अखबार

अमेरिका में साइबर अटैक के कारण शनिवार को कई घंटे की देरी से लोगों को अखबार मिला। माना जा रहा है कि यह मालवेयर अटैक था। दरअसल, साइबर अटैक के कारण समाचारपत्रों के कार्यालयों के सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। नतीजतन अखबार देरी से प्रकाशित हुए और हॉकरों को देरी से मिले। इससे लोगों के घरों तक भी देरी से पहुंचे। 

सूत्रों के मुताबिक, हमले का मकसद इंफ्रास्ट्रक्चर, खासकर सर्वर को निष्क्रिय करना था। होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने कहा कि हम संभावित मालवेयर अटैक की रिपोर्ट से अवगत हैं, जिससे कई अखबार प्रभावित हुए हैं। हम सरकार और उद्योग पार्टनर्स के साथ मिलकर स्थिति को समझने की कोशिश कर रहे हैं। अभी हमला करने वालों के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।