
जम्मूः जम्मू के बाहरी इलाके में एक शिविर की चौकी पर तैनात सेना के जवानों के साथ दो संदिग्ध आतंकवादियों की गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों ने रविवार को तलाश अभियान चलाया. रक्षा सूत्रों ने बताया कि सेना के एक जवान ने देर रात करीब एक बजकर 50 मिनट पर रत्नुचक शिविर के समीप दो लोगों की संदिग्ध गतिविधि देखी और उन्हें ललकारा. उन्होंने बताया कि संदिग्ध लोगों ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद चौकी पर तैनात सेना के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.
सूत्रों ने बताया कि थोड़ी देर चली गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ. संदिग्ध आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर घटनास्थल से भाग गए. सूत्रों ने बताया कि सांबा जिले की सीमा से लगे पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और फरार संदिग्धों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है.
जम्मू में ‘कुख्यात अपराधी’ गिरफ्तार, देसी पिस्तौल बरामद
एक अन्य खबर में जम्मू में कई मामलों में वांछित व्यक्ति को यहां गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है. पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि पुलिस के एक दल ने शनिवार शाम को शहर के तलब टिल्लू इलाके में वाहनों की जांच करते समय अजीत राज को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए देखा. उन्होंने कहा, ‘‘उसने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया. उसके पास से एक देसी पिस्तौल बरामद की गई है.’’