
हरदोई के हरियांवा थाना क्षेत्र के लिलवल गांव में शराब के नशे में धुत युवक ने अपनी मां को गाली-गलौच शुरू कर दिया। मौके पर तमाम ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसी बीच अचानक युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर खोल दिया। जिससे मौके पर खड़े एक युवक समेत बच्ची को गोली लगी है। दोनो की हालत गंभीर देखकर उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुरूवार दोपहर लिलिवल गांव निवासी रमेश पुत्र सियाराम शराब पीकर घर पहुंचा। किसी बात को लेकर अपनी मां पर खफा हो गया और मां को गाली-गलौच करने लगा। शोर-शराबा सुनकर घर परिवार के कई लोग मौके पर जा पहुंचे और अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए। सभी शराबी को शांत कराने की कोशिश करने लगे। लेकिन रमेश राजी नहीं हुआ और गाली देते हुए घर में घुस गया। अचानक बंदूक लेकर बाहर निकला तथा बंदूक से फायर झोंक दिया। जिससे गोली पड़ोसी में ही खड़ी 9 वर्ष की बच्ची रजनी पुत्री चौकीदार व रिश्ते में रमेश के चाचा आशाराम पुत्र जोख्खा को जा लगी। गांव में दिन दहाड़े हुए इस गोलीकांड से सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने मामले की जानकारी फौरन पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की गई है। दोनो घायलों को टडि़यांवा सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से उनकी हालत को गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एसएचओ हरियांवा के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या के ंगंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। असलहे को सील कर दिया गया है। दोनो घायलों की हालत में सुधार बताया गया है।