भूली में देसी शराब के अवैध कारोबार का खुलासा, 19 बोरा पाउच बरामद

भूली के कई क्षेत्रों में अवैध शराब का धंधा जोरों पर है। इसका खुलासा तब हुआ जब भूली पुलिस ने आम बागान स्थित एक बंद घर में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 19 बोरा देशी शराब (पाउच) और एक पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। पुलिस ने बरामद किये गए शराब को जब्त कर थाने ले आयी। हालांकि छापेमारी में मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। 

धनबाद एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि भूली आम बगान में अवैध शराब का कारोबार हो रहा है। एसएसपी के निर्देश पर बुधवार को पुलिस ने छापामारी कर अवैध शराब के कारोबार का खुलासा किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सुरेश पासवान, आरिफ मियां, अमित सिंह उदय पासवान के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।  पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र से अवैध शराब खपाने की सूचना काफी दिनों से मिल रही थी, लेकिन आज सही लोकेशन की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर यह सफलता हासिल की है। छापेमरी में भूली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सहित सशस्त्र बल और टाइगर जवान शामिल थे।