इंडोनेशिया: सुनामी की बरसी से पहले प्रशासन ने दी चेतावनी, लोगों को दी ये सलाह

इंडोनेशियाई प्रशासन ने लोगों से उन इलाकों में तटों पर ना जाने के लिए कहा है जहां सुनामी ने गत सप्ताहांत 420 से अधिक लोगों की जान ले ली. प्रशासन ने 2004 में एशिया में आए भूकंप और सुनामी की बरसी पर यह नई चेतावनी जारी की है.

अनाक क्राकाटोआ या ‘क्राकाटोआ का बच्चा’ ज्वालामुखी के फटने के बाद उठी ऊंची लहरों से शनिवार की रात को सुन्दा जलडमरू के नजदीक रहने वाले समुदाय प्रभावित हुए. ऐसा माना जा रहा है कि ज्वालामुखी के बाद भूस्खलन के कारण यह सुनामी आई.

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, भूभौतिकी और जलवायु विज्ञान एजेंसी ने मंगलवार (25 दिसंबर) देर रात को लोगों से जलसंधि की तटरेखा से कम से कम 500 मीटर से लेकर एक किलोमीटर तक दूर रहने के लिए कहा है.

आपको बता दें कि इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने के बाद आई विनाशकारी सुनामी में मारे गए लोगों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 429 पहुंच गई. वहीं, सुनामी में जीवित बचे लोगों की तलाश व शवों की बरामदगी में भारी बारिश बचाव दलों के लिए मुश्किल पैदा कर रही है. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बोर्ड (बीएनपीबी) के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुगरोहो ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है क्योंकि राहत व बचाव टीमें पानी में अभी भी शवों की तलाश कर रही हैं. ‘जकार्ता पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक 1,485 लोग घायल हुए हैं, 154 लापता हैं जबकि 16,082 बेघर हुए हैं.