गुजरात : जसदण उपचुनाव में BJP प्रत्‍याशी 11,600 वोटों से आगे, कल आएंगे नतीजे

 गुजरात की जसदण विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव का परिणाम सोमवार को घोषित किया जाएगा. इसकी मतगणना के 9वें राउंड की समाप्ति के बाद बीजेपी के प्रत्‍याशी कुंवरजी बावलिया 11,600 वोटों से आगे चल रहे हैं. तीन हिन्दी भाषी राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद इस उपचुनाव पर सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस की निगाहें जमी हुई हैं.

लोकसभा के लिए 2019 में होने वाले आम चुनावों से पहले यह उपचुनाव दोनों दलों के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है. इस सीट के लिए 20 दिसंबर को मत डाले गए थे. बीजेपी ने इस उपचुनाव में कोली समुदाय में प्रभावशाली और राज्य मंत्रिमंडल में शामिल कुंवरजी बावलिया को टिकट दिया था जबकि कांग्रेस ने अवसर नाकिया को मौका दिया है.

नाकिया, राजकोट जिला पंचायत सदस्य हैं और वह पांच बार विधायक रहे बावलिया के साथ भी निकटता से काम कर चुके हैं. नाकिया जीवन में पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरे हैं.

बावलिया ने 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर यह सीट जीती थी पर वह जुलाई महीने में त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए और मंत्री बना दिए गए थे. जसदण विधानसभा उपचुनाव में बावलिया और नाकिया के अलावा छह अन्य उम्मीदवार चुनाव में हैं. इस विधानसभा सीट में 2.32 लाख पंजीकृत मतदाता हैं.