
शाहपुर चौक स्थित लगभग 200 साल पुराने बाऊलियां मंदिर में खुदाई के दौरान 22 बमनुमा वस्तुएं मिलने के बाद हड़कंप मच गया। काफी पुरानी होने के कारण इन बमनुमा वस्तुओं पर पूरी तरह से जंग लग चुका है। यह हैंड ग्रेनेड या लांचर भी हो सकते हैं। पुलिस अभी तक इनके रहस्य से पर्दा नहीं उठा पाई है। शनिवार दिनभर चली जांच के बाद पुलिस ने हाथ खड़े करते हुए सेना को इनकी जांच के लिए लिखा है। यह बमनुमा वस्तुएं अभी वहीं मौजूद हैं, जहां यह मिले थे। बता दें कि जनवरी 2016 में पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमला हुआ था। कई बार संदिग्ध भी देखे जा चुके हैं, इसलिए पुलिस ज्यादा सतर्कता बरत रही है।
बोलियां सुधार कमेटी के सदस्य राज कुमार काका, अनुश मिन्हास तथा विनोद कुमार ने बताया कि खुदाई के दौरान पहली बमनुमा चीज दिखाई दी तो मजदूरों ने इसे लोहे का टुकड़ा समझा और दूर उछाल दिया। इसके बाद एक के बाद एक कर 22 टुकड़े निकले तो उन्हें शक हुआ। लोगों ने गौर से देखा तो कुछेक में पिन लगी थी।

असलियत का पता जांच के बाद ही
डीएसपी सिटी सुखजिन्द्र सिंह तथा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने कहा कि प्राथमिक दृष्टि में ये बम न होकर पौराणिक काल में लोहे से तैयार किसी वस्तु के खोल लग रहे हैं। असलियत जांच के बाद ही पता चल सकेगा। बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया है।