
जम्मू कश्मीर के पुलवामा के अवंतीपोरा में शनिवार को भारतीय सुरक्षाबलों के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है. सुरक्षाबलों ने अवंतीपोरा के आरमपोरा में 6 कुख्यात आतंकियों को ढेर कर दिया. इस मुठभेड़ में आतंकी संगठन अंसार गजवत उल हिंद का प्रमुख सोलिहा मोहम्मद भी मारा गया है. गजवत उल हिंद आतंकी जाकिर मूसा का संगठन है. जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस मुठभेड़ में मारे गए सभी आतंकियों की पहचान सार्वजनिक कर दी है.
पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मारे गए सभी आतंकी कश्मीर के रहने वाले थे और ये सभी आतंकी जाकिर मूसा के अंसार गजवत उल हिंद से जुड़े थे. उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकियों के नाम सुलीहा मोहम्मद अखून (आरमपोरा), रसिक मीर, रऊफ मीर, उमेर रमजान (दादसरा), नदीम सोफी (बतगुंड), फैसल जवीद खांदे (अवंतीपोरा) के रूप में हुई है.
पुलिस अधिकारी ने बताया है कि मारे गए सभी आतंकी कई वारदातों में शामिल रहे हैं, जिनमें से हाल ही में अवंतीपोरा जिला पुलिस पर हुआ ग्रैनेड हमला भी शामिल है. उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई के बाद आतंकियों के शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

बता दें कि सेना की 42 राष्ट्रीय राइफल, एसओजी और सीआरपीएफ ने आतंकियों को पकड़ने के लिए की गई छापेमारी के दौरान छिपे हुए आतंकियों पर वार्निंग फायर किया था जिसके बाद ये मुठभेड़ शुरू हुई थी.