
स्थायीकरण तथा वेतनमान की मांग को लेकर आंदोलनरत पारा शिक्षक 24 दिसंबर से शुरू हो रहे झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान भूख हड़ताल पर रहेंगे। यह कार्यक्रम विधायकों के आवास पर ही होगा। बुधवार को एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा की बोकारो में हुई बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। साथ ही, सत्र के दौरान कार्य स्थगन प्रस्ताव लाने के लिए विधायकों से संपर्क करने तथा उनपर दबाव बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पारा शिक्षकों ने अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए कई अन्य निर्णय भी लिए। इनमें भाजपा की पदयात्रा का विरोध भी शामिल है। 28 दिसंबर से पारा शिक्षक ग्राम चौपाल पर्चा वितरण एवं भाजपा का पोल खोलो कार्यक्रम शुरू करेंगे। इस दौरान सभी पंचायतों के मुखिया से समर्थन पत्र लिया जाएगा। मोर्चा के अध्यक्ष संजय दूबे ने कहा कि 16 नवंबर से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल में अबतक 10 पारा शिक्षकों की मौत हो चुकी है।
हड़ताल के एक माह हो गए, लेकिन सरकार हड़ताल खत्म कराने को लेकर कोई रुचि नहीं ले रही। कहा कि छत्तीसगढ़ की तर्ज पर वेतनमान मिलने तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। बैठक में संजय दूबे, विनोद बिहारी महतो, बजरंग प्रसाद, दशरथ ठाकुर आदि शामिल थे