
उत्तराखंड में एक सिरफिरे के पागलपन का शिकार हुई छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक छात्रा की हालत लगातार बिगड़ रही थी। इसके चलते छात्रा को मेडिकल कालेज श्रीनगर से देर रात ऋषिकेश एम्स के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं सूचना के अनुसार अभी छात्रा को दिल्ली एम्स भेजने की तैयारी चल रही है। वहीं आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस भी मामले की छानबीन में जुट गई है।
उधर, जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर युवाओं ने प्रदर्शन किया। युवा आरोपी को फांसी की मांग कर रहे हैं। वहीं राजस्व पुलिस ने आईपीसी की धारा 354 307 और 506 की धाराओं में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बता दें कि, रविवार शाम को एक सिरफिरे ने परीक्षा देकर लौट रही पौड़ी जिले की कफोलस्यूं पट्टी के एक गांव की 18 वर्षीय युवती के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। हादसे में छात्रा करीब 70 फीसदी झुलस चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, परीक्षा देकर आने के दौरान रास्ते में गहड़ गांव का मनोज सिंह उर्फ बंटी उसका पीछा करने लगा। कुछ देर बाद एक सुनसान जगह कच्चे रास्ते पर उसने छात्रा को जबरन रोककर उससे जबरदस्ती करनी शुरू कर दी।