
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में जारी दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल शुरू हो चुका है। मैच एक अहम मोड़ पर है। लंच तक के खेल में ऑस्ट्रेलिया 4 विकेट के नुकसान पर 190 रन बना लिए है।
उस्मान ख्वाजा 67 तो कप्तान टिम पेन 37 रन बनाकर नाबाद है। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी हो चुकी है। इस तरह कंगारूओं की कुल बढ़त 233 रन हो चुकी है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी (326) के जवाब में भारतीय टीम रविवार को 283 रन पर ही सिमट गई थी।
उस्मान ख्वाजा का अर्धशतक
अपनी फॉर्म के लिए जूझ रहे उस्मान ख्वाजा ऑस्ट्रेलिया के लिए अहम समय पर असरदार पारी खेल रहे हैं। आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले ख्वाजा ने गेयर बदलते हुए 155 गेंदों में पचासा पूरा किया। सीरीज में उनका यह पहला और करियर का 14वां अर्धशतक है। इस पारी ने ऑस्ट्रेलिया को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
ख्वाजा-टिम पेन बने सिरदर्द
उस्मान ख्वाजा और टिम पैन ने शानदार बैटिंग करते हुए अपनी टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। दोनों पांचवें विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी कर चुके हैं और क्रीज पर मौजूद हैं। भारतीय गेंदबाजों के लिए दोनों का विकेट लेना किसी सिरदर्द से कम साबित नहीं हो रहा।